Breaking News

उपमुख्यमंत्री पाठक ने की चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभागों के कार्यों की समीक्षा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
लखनऊ 2 नवम्बर। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने चिकित्सा शिक्षा व चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की संयुक्त समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने दोनों विभागों के उच्चाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदेश के सभी हेल्थ एण्ड वेलनेस सेटर को व स्वास्थ्य केन्द्रों को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित किया जाय।
श्री पाठक ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है, इस अभियान में अन्य अनुषांगिक विभागों को भी कई जिम्मेदारियां दी गयी है, उन विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्यों की अद्यतन रिपोर्ट प्राप्त की ली जाय, विशेष रूप से नियमित फागिंग और साफ-सफाई पर अधिक ध्यान दिया जाय।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी अस्पतालों में पैरामेडिकल स्टाफ विशेषज्ञ एवं तकनीकी स्टाफ की उपस्थिति, दवाओं और आवश्यक उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर लिया जाय जिससे प्रदेश की जनता को किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े। गतिशील निर्माण कार्यों में कोई अवरोध न आये इसका ध्यान रखा जाय। विकास कार्यों में यदि कोई प्रक्रिया लम्बित है तो उसका त्वरित समाधान किया जाय। जहां आवश्यक हो अस्पतालों के रंगाई, पुताई का कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाय।
बैठक में प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने उप मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि आज की बैठक में उनके द्वारा दिये गये निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जायेगा। इस दौरान सचिव चिकित्सा व स्वास्थ्य रंजन कुमार, महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा श्रीमती किंजल सिंह, महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य श्रीमती दीपा त्यागी सहित दोनों विभागों के सभी विशेष सचिव उपस्थित थे।

Check Also

सरकारी नौकरी में राजनीतिक विचारधारा नहीं बनेगी बाधा, शासनादेश पर नियुक्ति विभाग ने दी सफाई

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी के लिए अभ्यर्थियों के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *