वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार
बाराबंकी। आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा ग्राम रेहरया, पोस्ट सोनौली, ब्लाक-बनीकोडर, विधानसभा क्षेत्र दरियाबाद, बाराबंकी में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे देशव्यापी कार्यक्रम ‘‘जय बापू-जय भीम-जय संविधान’’ के तहत संविधान महासम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, पूर्व मंत्री अजय राय बाराबंकी के सांसद, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन तनुज पुनिया तथा प्रदेश के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन सदस्य उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अब्दुल्ला शेर खां ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं बाबा साहब डा0 भीमराव अम्बेडकर जी के चित्र पर माल्यार्पण कर हुई।
अजय राय ने कहा कि ‘‘जय बापू-जय भीम-जय संविधान’’ कार्यक्रम जरूरत आज इसलिए पड़ी कि जबसे भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आई है, तब से लगातार बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के संविधान पर हमला किया जा रहा है। इनकी पहले दिन से मंशा रही है कि किसी तरह से संविधान को बदल कर आरएसएस की विचारधारा को लागू किया जाए। इन लोगों को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और संविधान से नफरत है, बाबा साहब के आदर्शो से नफरत है। इसीलिए संसद में गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी कुंठा जाहिर करते हुए बाबा साहब का अपमान किया। गृह मंत्री अमित शाह का यह बयान कहीं ना कहीं उनकी मानसिकता को उजागर करता है और यह दर्शाता है कि यह लोग कितना ज्यादा संविधान का विरोध करते हैं। इन लोगों को संविधान का अनादर करने से एवं उसको बदलने से रोकने के लिए हमें डट कर खड़े होना होगा और आने वाले चुनाव में इन्हें वोट की चोट से यह बताना होगा कि संविधान ही इस देश के मूल में है।
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आगे कहा कि देश और प्रदेश की जनता शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार समेत अन्य मूलभूत मुद्दों पर चर्चा चाहती है, इन मुद्दों पर कार्य चाहती है लेकिन बीजेपी सरकार बार-बार जनता को नफरत की आग में झोंक रही है।