Breaking News

ओमान में ड्रोन हमले के बाद छठे दिन भी लापता अमित का सुराग नहीं, परिवार की बढ़ी बेचैनी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
कुशीनगर। ओमान के सोहर पोर्ट पर दुबई के टैंकर पर हुए ड्रोन हमले के बाद लापता कुशीनगर के अमित सिंह की छह दिन बाद भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। हाटा नगर पालिका के गोपालपुर वार्ड निवासी अमित के परिजन उनकी सलामती की खबर के इंतजार में हैं। हर फोन कॉल पर परिवार की उम्मीदें जागती हैं, लेकिन अब तक कोई पुख्ता सूचना नहीं मिली है।
अमित के मामा रविंद्र सिंह मर्चेंट नेवी में करीब 20 वर्षों से कार्यरत हैं। वह संबंधित कंपनी के संपर्क में रहकर सर्च ऑपरेशन की जानकारी जुटा रहे हैं। घटना के समय टैंकर पर मौजूद रहे और सुरक्षित बचे अमित के साथियों से भी बातचीत कर रहे हैं, ताकि उनके भांजे के बारे में कोई सुराग मिल सके।
परिजनों के मुताबिक, घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें सुरक्षित बचे कुछ साथी अमित के वहीं फंसे होने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। परिवार के लोग वीडियो को बार-बार देखकर अमित के बारे में कोई संकेत तलाश रहे हैं। हालांकि, उनकी मौजूदा स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

अखबार से मोबाइल तक, हर सूचना में तलाश रहे अमित :
अमित के दादा रामरेखा सिंह लगातार अखबारों में खबरें पढ़ रहे हैं और मोबाइल पर आने वाली सूचनाओं पर नजर रख रहे हैं। पिता देव प्रकाश सिंह, मां पूनम देवी और बहन मनीषा भी उनकी सलामती की खबर मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
परिजनों के मुताबिक, अमित ने करीब नौ महीने पहले मर्चेंट नेवी में नौकरी शुरू की थी। परिवार को उम्मीद थी कि वह एक सप्ताह बाद घर लौटेंगे। लेकिन टैंकर पर हुए हमले के बाद से घर में चिंता का माहौल है। परिवार की एक ही प्रार्थना है कि अमित सुरक्षित हों और जल्द उनकी कोई खबर मिले।

Check Also

प्रियागोल्ड बिस्कुट निर्माता कंपनी की मुश्किलें बढ़ी

– खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के आरोपों में सूर्या फूड एंड एग्रो लिमिटेड पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *