Breaking News

कफ सिरप तस्करी पर सख्त कार्रवाई, सरगना शुभम जायसवाल समेत चार पर 25-25 हजार का इनाम

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
सोनभद्र। कफ सिरप तस्करी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य सरगना शुभम जायसवाल समेत चार फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों के बारे में सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इनाम घोषित किए जाने के बाद तस्करी में शामिल आरोपियों पर पुलिस का दबाव और तेज हो गया है।
पुलिस के अनुसार इनाम घोषित किए गए आरोपियों में वाराणसी निवासी शुभम जायसवाल, भदोही का निशांत उर्फ रवि गुप्ता, बनारस का विजय गुप्ता और सहारनपुर का विशाल उपाध्याय शामिल हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कफ सिरप तस्करी के इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि 18 अक्तूबर की रात सोनभद्र पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो कंटेनरों को पकड़ा था। इनमें चिप्स और नमकीन की पेटियों के पीछे कोडीन युक्त कफ सिरप की बड़ी खेप छिपाकर ले जाई जा रही थी। जांच आगे बढ़ने पर रांची और गाजियाबाद से जुड़े चार अन्य ट्रकों में लदा कफ सिरप भी बरामद किया गया। इस पूरे मामले में वाराणसी निवासी शुभम जायसवाल और उसके पिता भोला जायसवाल के स्वामित्व वाली शैली ट्रेडर्स की संलिप्तता सामने आई थी।
एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देश पर गठित एसआईटी की जांच में खुलासा हुआ कि शैली ट्रेडर्स का नेटवर्क कई जिलों और राज्यों तक फैला है। फर्जी ड्रग लाइसेंस के सहारे कागजों में करोड़ों शीशियों की आपूर्ति दर्शाई गई थी। सोनभद्र में पंजीकृत दो फर्मों के खिलाफ भी औषधि नियंत्रण विभाग ने मुकदमा दर्ज कराया है, जिसमें एक आरोपी सत्यम को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

Check Also

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बना रनवे, वायुसेना के सुखोई-मिराज की गर्जना से गूंजा आसमान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES