वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कंपनी सेक्रेटरी कॉर्पोरेट गवर्नेंस की रीढ़ होते हैं और किसी भी संगठन के सुचारु संचालन में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। वे शनिवार को भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (आईसीएसआई) के लखनऊ चैप्टर के नवीन भवन के भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कंपनी सेक्रेटरी न केवल बैठकों, कार्यशालाओं और साक्षात्कारों से जुड़ी प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करते हैं, बल्कि नियोक्ता और कर्मचारियों के बीच सेतु के रूप में भी कार्य करते हैं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी कॉर्पोरेट परिवेश में पारदर्शिता, जवाबदेही और कानूनसम्मत कार्यप्रणाली की अत्यधिक आवश्यकता है। इन सभी क्षेत्रों में कंपनी सेक्रेटरी की भूमिका निर्णायक होती है। वे संगठन को सही दिशा देने के साथ ही कॉर्पोरेट गवर्नेंस के मानकों को लागू कराने में अहम योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि कॉर्पोरेट जगत सीएस के बिना अधूरा है और उनके योगदान के बिना किसी भी संस्था की कल्पना नहीं की जा सकती।
गोमती नगर में प्रस्तावित आईसीएसआई के इस नवीन भवन को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि यह भवन संस्थान की शैक्षणिक और पेशेवर गतिविधियों को नई ऊंचाई देगा। यहां प्रशिक्षण, शोध और पेशेवर विकास से जुड़े कार्यक्रमों को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकेगा, जिससे भावी कंपनी सेक्रेटरी को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने भूमि पूजन के अवसर पर उपस्थित सभी कंपनी सेक्रेटरी को शुभकामनाएं दीं और संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में आईसीएसआई सेंट्रल काउंसिल के सदस्य आर. वेंकट रमन्ना, लखनऊ चैप्टर के अध्यक्ष शोभित रस्तोगी, वाइस चेयरमैन मोहित शर्मा, पूर्व अध्यक्ष सुभाष चंद्र तिवारी, इंफ्रा कमेटी के सदस्य संजय पांडेय सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।