वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। प्रदेश में महिला सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता को नई गति देने के उद्देश्य से उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 01 करोड़ लखपति दीदी बनाने की कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत तैयार किए गए एक्शन प्लान को लक्ष्यबद्ध तरीके से लागू किया जाए, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर लखपति दीदी की श्रेणी में लाया जा सके।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण का यह अभियान व्यापक स्वरूप ले चुका है। वर्तमान में 9 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से करीब एक करोड़ परिवारों की महिलाएं जुड़ चुकी हैं। अब लक्ष्य है कि 03 करोड़ पात्र महिलाओं को समूहों से जोड़ा जाए और 01 करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर लखपति दीदी बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपदवार लक्ष्य आवंटन कर समूहों के गठन, नए सदस्यों के जुड़ाव और आयवर्धन गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
श्री मौर्य ने निर्देश दिए कि योजना की प्रभावी निगरानी के लिए मंडल, जनपद और विकास खंड स्तर पर त्रिस्तरीय समितियों का गठन किया जाए। इन समितियों के माध्यम से नियमित समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही धनराशि के समयबद्ध और शत-प्रतिशत उपयोग पर जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने पर महिलाओं को बैंकिंग, ऋण सुविधा, प्रशिक्षण और आजीविका संवर्धन के अवसर मिलेंगे। यह अभियान न केवल महिलाओं की आय बढ़ाएगा, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर प्रदेश में समावेशी विकास और गरीबी उन्मूलन की दिशा में मजबूत आधार तैयार करेगा।