वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। आयकर विभाग ने राजधानी के लुलु मॉल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कंपनी का बैंक खाता फ्रीज कर दिया है। करीब 27 करोड़ रुपये का आयकर बकाया होने के कारण यह कदम उठाया गया है। विभाग की ओर से पहले कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन तय समयसीमा के भीतर कर राशि का भुगतान नहीं होने पर अंततः सख्त कार्रवाई की गई।
सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग लंबे समय से लुलु मॉल से जुड़े वित्तीय लेनदेन और कर देनदारी की जांच कर रहा था। जांच के दौरान आय-व्यय से संबंधित कई दस्तावेजों की गहन समीक्षा की गई, जिसमें कर भुगतान को लेकर अनियमितताओं के संकेत सामने आए। विभाग का मानना है कि निर्धारित कर देनदारी का समय पर भुगतान नहीं किया गया, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा है। आयकर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बकाया कर राशि को लेकर कंपनी को विधिवत नोटिस जारी किए गए थे और भुगतान के लिए पर्याप्त समय भी दिया गया, लेकिन इसके बावजूद कर जमा नहीं कराया गया। ऐसे में आयकर अधिनियम के प्रावधानों के तहत बैंक खाता फ्रीज करने की कार्रवाई की गई है, ताकि बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित की जा सके।
बताया जा रहा है कि खाते के फ्रीज होने से कंपनी के दैनिक वित्तीय लेनदेन पर असर पड़ा है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। आयकर विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है और यदि आगे और अनियमितताएं सामने आती हैं तो अतिरिक्त कार्रवाई भी की जा सकती है। विभाग का कहना है कि कर अनुपालन सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।