Breaking News

पचास हजार की इनामी ठग प्रियंका सिंह एसटीएफ के हत्थे चढ़ी

– कई जिलों में ठगी के दर्जनों मुकदमे दर्ज, करोड़ों की धोखाधड़ी में थी फरार
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ/ ललितपुर। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने बुधवार को 50 हजार रुपये की इनामी ठग प्रियंका सिंह को लखनऊ से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। अभियुक्ता पर वर्ष 2019 में ललितपुर में दर्ज धोखाधड़ी के एक संगीन मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी था और वह लंबे समय से फरार चल रही थी। एसटीएफ ने उसे एल्डिको कॉलोनी, टावर नंबर-10, रूम नंबर-1205, सौभाग्यम अपार्टमेंट, थाना पीजीआई, लखनऊ से गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से सहारा स्टेट, जानकीपुरम, लखनऊ की निवासी बताई जाती है।
एसटीएफ को इनामी अपराधियों के सक्रिय होने की सूचनाएं लगातार मिल रही थीं। अपर पुलिस अधीक्षक सत्यसेन यादव के पर्यवेक्षण में इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार वर्मा की टीम ने अभिसूचना जुटाकर यह कार्रवाई की।
पूछताछ में प्रियंका सिंह ने बताया कि वर्ष 2011 में उसने अपने पति राजेश कुमार सिंह तथा सहयोगियों दीपक शुक्ला, आशीष श्रीवास्तव, दुर्गेश जायसवाल और विक्रांत त्रिपाठी के साथ मिलकर “जे.के.बी. लैंड एंड डेवलपर्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (ग्रुप ऑफ कंपनिज़)” नाम से एक फर्जी कंपनी बनाई थी। ललितपुर में इस कंपनी का दफ्तर खोलकर एजेंटों के माध्यम से लोगों से एफडी और निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये जमा कराए गए। कुछ समय बाद कंपनी के संचालक अचानक दफ्तर बंद कर फरार हो गए। ठगी का शिकार हुए निवेशकों ने ललितपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। इसी प्रकरण में अभियुक्ता प्रियंका सिंह फरार थी, जिस पर पुलिस उपमहानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
प्रियंका सिंह के खिलाफ ललितपुर, मऊ, भदोही, वाराणसी, आजमगढ़, फतेहपुर, महोबा और लखनऊ समेत कई जिलों में धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश के करीब 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर थाना पीजीआई, लखनऊ में दाखिल किया है। आगे की विधिक कार्रवाई ललितपुर पुलिस द्वारा की जा रही है।

Check Also

चांसलर कप क्रिकेट टूर्नामेंट में एसजीपीजीआई और ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय फाइनल में

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारलखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES