वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने कैंप कार्यालय पर भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अटल जी सुशासन के संवाहक और महान राष्ट्रवादी थे, जिनका सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रहित और जनसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि मानते हुए देश और समाज की सेवा की, जिससे उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन और उनका कार्यकाल हम सभी के लिए मार्गदर्शक है। वे युगद्रष्टा विचारक, प्रखर वक्ता और सुशासन के प्रतीक थे। उनकी कविताएं और जीवन गाथा देशवासियों में राष्ट्रप्रेम और सकारात्मक सोच का संचार करती हैं। अटल जी द्वारा रखी गई विकास की आधारशिला पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि सुशासन के लक्ष्यों को व्यवहार में कैसे उतारा जाए, यह अटल जी ने अपने कार्यों से सिद्ध किया। केशव प्रसाद मौर्य ने अटल जी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वर्णिम चतुर्भुज योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से उन्होंने देश और गांवों को मजबूत कनेक्टिविटी से जोड़ा। राजनीति में उन्होंने कभी व्यक्तिगत वैमनस्यता नहीं पाली और लोकतंत्र में सेवा की उच्च परंपरा स्थापित की।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती पर भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि पंडित मदन मोहन मालवीय राष्ट्र निर्माण के महान स्वप्नदृष्टा थे, जिन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना कर शिक्षा, पत्रकारिता और समाज सुधार के क्षेत्र में अमूल्य योगदान दिया। उनका जीवन देश के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा।