वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ शहर के होटल सिटी प्राइम रेज़िडेंसी में स्वर्णकार समाज की मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें समुदाय के हितों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर गंभीर मंथन किया गया। बैठक में सदस्यों ने समाज पर बढ़ते अत्याचार, फर्जी मुकदमों, लूट और हत्या जैसे अपराधों पर चिंता जताई। प्रतिभागियों ने कहा कि लगातार घटनाओं से समाज में भय का माहौल है और अब आवश्यकता है कि सभी लोग एकजुट होकर अपनी बात मजबूती से रखें।
बैठक की अध्यक्षता अश्वनी सोनी ने की। उन्होंने कहा कि स्वर्णकार समाज को योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाया जा रहा है, ऐसे में पीड़ित परिवारों के समर्थन और न्याय के लिए सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बहन-बेटियों की शादी में सहयोग और जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
सदस्यों ने निश्चय किया कि समाज के युवाओं को जागरूक और संगठित करने के लिए प्रत्येक माह बैठकें की जाएंगी, जिनमें समस्याओं और उनके समाधान पर विचार होगा। साथ ही प्रशासन को ज्ञापन देकर उचित कार्रवाई की मांग भी की जाएगी। बैठक में पत्रकार सूरज सोनी, विजय उर्फ आज़ाद सोनी, प्रदीप सोनी, रोहित सोनी सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे और समाज की एकता को बनाए रखने का संकल्प लिया।
स्वर्णकार समाज के अग्रणी संगठन राष्ट्रीय स्वर्णकार मंच के रा० महासचिव अजय कुमार स्वर्णकार ने बैठक को समर्थन देते हुए कहा कि समाज कि हर समस्या के निदान में वह प्रतापगढ़ के समाज एवं अश्वनी सोनी कि टीम के साथ है।