वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। प्रदेश की संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के नेतृत्व में कला संवर्धन को नई गति मिल रही है। कलाकारों के उन्नयन और संरक्षण की प्रतिबद्धता के तहत राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश ने वर्ष 2025-26 के लिए ‘पद्मश्री बाबा योगेन्द्र कला सम्मान’ एवं ‘अकादमी अधिसदस्यता सम्मान’ हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। अकादमी के अनुसार बाबा योगेन्द्र कला सम्मान के अंतर्गत तीन सम्मान दिए जाएंगे, जिनमें एक राष्ट्रीय स्तर का होगा। वहीं अधिसदस्यता श्रेणी में एक कलाकार का चयन किया जाएगा।
चित्र, रेखांकन, ग्राफिक्स, मूर्ति, पोट्रेट, वॉश व पारंपरिक कला में कार्य करने वाले कलाकार आवेदन के पात्र होंगे। आवेदन निर्धारित प्रारूप के साथ 15 दिसंबर 2025 तक लाल बारादरी भवन, कैसरबाग स्थित राज्य ललित कला अकादमी कार्यालय में सभी आवश्यक प्रमाणपत्र और कृतियों का विवरण संलग्न कर जमा किए जा सकते हैं।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इन सम्मानों का उद्देश्य श्रेष्ठ कलाकारों को प्रोत्साहित करना और कला जगत को सशक्त मंच देना है। चयन प्रक्रिया विशेषज्ञ समिति द्वारा पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी। प्रदेश में सांस्कृतिक गतिविधियों को अधिक जीवंत व समावेशी बनाने में ये पहल कलाकारों के लिए नई संभावनाएं खोलेगी।