वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने 27 नवंबर 2025 की सुबह फेन्सेडिल कफ सिरप और कोडीन युक्त अन्य दवाओं का नशे के रूप में उपयोग के लिए अवैध भंडारण और व्यापार करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अमित कुमार सिंह उर्फ अमित टाटा (पुत्र अशोक कुमार सिंह) के रूप में हुई, जो सिकरौल, थाना कैंट वाराणसी स्थित वरुणा एन्क्लेव के फ्लैट में रहता था और मूल रूप से जौनपुर जिले के थाना सुरेरी क्षेत्र के ग्राम सीठूपुर का निवासी है। गिरफ्तारी गोमती नगर के ग्वारी चौराहा के पास सुबह लगभग 7 बजे की गई। एसटीएफ टीम द्वारा लंबे समय से कोडीन–युक्त कफ सिरप की तस्करी, अवैध भंडारण और इसके उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, असम, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तक सप्लाई नेटवर्क की सूचना पर निगरानी की जा रही थी।
गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन, 4,500 रुपये नकद, आधार कार्ड, फॉर्च्यूनर गाड़ी (नंबर यूपी 65 एफएन 9777) और मोबाइल से प्राप्त कई संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि शुभम जायसवाल और उसके नेटवर्क के माध्यम से धनबाद व वाराणसी में उसके नाम से फर्जी मेडिकल फर्म और ड्रग लाइसेंस बनवाकर करोड़ों रुपये के कफ सिरप की फर्जी बिलिंग और ई-वे बिल के जरिए तस्करी की गई। इस गिरोह में एबॉट कंपनी के अधिकारियों की मिलीभगत का भी आरोप सामने आया है। अभियुक्त के दावे के अनुसार, पुलिस और एसटीएफ की कार्रवाई तेज होने के बाद गिरोह का सरगना शुभम जायसवाल अपने परिवार और साझेदारों के साथ दुबई भाग गया है। मामले की विवेचना जारी है।