Breaking News

मतदाता सूची पुनरीक्षण की समीक्षा, चुनाव आयोग की दलों से सहयोग की अपील

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी) / अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। रिणवा ने सभी दलों से सहयोग की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि एसआईआर के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में कुल 15,44,30,092 मतदाता दर्ज हैं और अब तक 99.48 प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। बीएलओ द्वारा 4 नवंबर से गणना प्रपत्र वितरण शुरू किया गया था, जिसे 4 दिसंबर तक मतदाताओं से भरवाकर जमा कराया जाएगा। 9 दिसंबर को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा, जबकि 9 दिसंबर से 8 जनवरी तक दावे और आपत्तियों पर सुनवाई की जाएगी। अंतिम मतदाता सूची 7 फरवरी को प्रकाशित होगी। ऑनलाइन माध्यम से भी गणना प्रपत्र भरने की सुविधा दी गई है, जिसके तहत अब तक 90 हजार से अधिक मतदाता ऑनलाइन फॉर्म भर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा अब तक 3,85,799 बीएलए नियुक्त किए गए हैं, हालांकि आम आदमी पार्टी और एनपीपी ने एक भी बीएलए नियुक्त नहीं किया है। रिणवा ने दलों से प्रत्येक बूथ पर बीएलए नियुक्त करने और गणना प्रपत्र भरवाने में सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि एनसीसी, एनएसएस और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से भी गणना प्रपत्र शुद्ध रूप से भरवाए जा रहे हैं। मतदाताओं की सहायता के लिए जिले और विधानसभा स्तर पर हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। बैठक में भारतीय जनता पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी, अपना दल (एस) और एनपीपी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Check Also

बजट सिर्फ आंकड़ों का नहीं, भारत के भविष्य का विजन: सीएम योगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES