– एस आर इंस्टिट्यूशन में रन फोर यूनिटी मार्च पर उमडा जनसैलाब।
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। बीकेटी स्थित एस.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के परिसर में भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित एकता यात्रा जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरदार पटेल को उनकी अटूट इच्छाशक्ति और कठोर निर्णय क्षमता के कारण लौह पुरुष कहा जाता है। उन्होंने 564 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर एक सशक्त और अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कांग्रेस ने सरदार पटेल को प्रधानमंत्री बनने का अवसर दिया होता तो देश की दिशा और दशा आज बहुत पहले ही बदल चुकी होती। उन्होंने कहा कि वोट चोरी कांग्रेस की पुरानी परंपरा रही है। कांग्रेस की इसी प्रवृत्ति के चलते जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री बने और रायबरेली में इंदिरा गांधी भी चुनाव में धांधली से जीतीं। जब न्यायालय ने उनका चुनाव निरस्त किया, तो देश पर इमरजेंसी थोप दी गई।
श्री मौर्य ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा मुस्लिम तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति की है। उन्होंने कहा कि स्वयं राजीव गांधी ने सदन में स्वीकार किया था कि “दिल्ली से भेजे गए एक रुपये में से नीचे तक सिर्फ 15 पैसे ही पहुंचते हैं।” कांग्रेस ने देश को लूटने का काम किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत ईमानदारी, विकास और आत्मनिर्भरता के पथ पर अग्रसर है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाने की परंपरा शुरू की, जो देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्षों में भारत ने विकास की नई ऊँचाइयाँ प्राप्त की हैं और विश्व मंच पर अपनी सशक्त पहचान बनाई है।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी, विधायक योगेश शुक्ला, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।