वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। एस.के.डी. ग्रुप ने अपने संस्थापक एवं चेयरमैन एस.के.डी. सिंह (SKD Singh) का 81वां जन्मदिन अपार श्रद्धा, प्रेम और उल्लास के साथ मनाया। पूरा परिसर इस अवसर पर भक्ति, उत्साह और कृतज्ञता की भावना से सराबोर रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूजन एवं मंगलाचरण से हुआ, जिसके पश्चात विद्यार्थियों और शिक्षकों ने चेयरमैन सर का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। पूरा विद्यालय परिवार प्रेम, आदर और प्रेरणा के भाव से एकजुट दिखाई दिया। एस.के.डी. ग्रुप के निदेशक मनीष सिंह ने अपने संदेश में कहा कि “हम सब अत्यंत सौभाग्यशाली हैं कि हमें अपने संस्थापक सर का मार्गदर्शन प्राप्त है। उनके सान्निध्य में कार्य करना गर्व और प्रेरणा का विषय है।”
इस अवसर पर चेयरमैन एस.के.डी. सिंह ने भी सभी को संबोधित करते हुए विद्यालय परिवार के समर्पण और प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा, “मैं आप सभी के प्रयासों से अत्यंत प्रसन्न हूँ। हमें सदैव एकजुट रहकर इसी प्रकार आगे बढ़ते रहना चाहिए। आप सबका प्रेम और समर्पण ही एस.के.डी. परिवार की सबसे बड़ी शक्ति है।”
उन्होंने सभी को आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं तथा एस.के.डी. इंटरनेशनल स्कूल (SKD International School) के नए लॉन्च पर सभी को बधाई दी। कार्यक्रम का समापन शिक्षकों और विद्यार्थियों के सामूहिक अभिनंदन एवं केक कटिंग समारोह के साथ हुआ, जिसमें खुशी और आत्मीयता का वातावरण छा गया।