– यातायात माह की शुरुआत, सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने का आह्वान
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। अगर आप बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ते हैं तो सावधान हो जाइए। लखनऊ पुलिस ने अब सख्त रुख अपनाया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार ने कहा कि जो चालक पांच या उससे अधिक बार यातायात नियमों का उल्लंघन करेंगे, उनके वाहन पंजीकरण और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे। उन्होंने सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
रिजर्व पुलिस लाइन में मंगलवार को ‘यातायात माह’ का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जेसीपी बबलू कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। डीसीपी ट्रैफिक कमलेश दीक्षित के साथ उन्होंने गुब्बारे उड़ाकर और हरी झंडी दिखाकर यातायात रैली को रवाना किया। इस रैली में रेसर मोबाइल, पिंक स्कूटी और पिंक पेट्रोल की टीमें भी शामिल रहीं।
डीसीपी कमलेश दीक्षित ने विद्यार्थियों को 5-ई सिद्धांत “एजुकेशन, इनफोर्समेंट, इंजीनियरिंग, इमरजेंसी केयर और एनवायरनमेंट” की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा में सभी की भागीदारी जरूरी है। ट्रैफिक वालंटियर पंकज शर्मा और एहतेशाम ने विद्यार्थियों से संकल्प लिया कि वे स्कूलों और कॉलेजों में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेंगे। यातायात माह के दौरान पूरे नवंबर में विशेष अभियान, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ट्रक चालकों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी जाएगी, ताकि दुर्घटनाएं घटाई जा सकें।
जेसीपी बबलू कुमार ने बताया कि सड़क हादसों में घायल व्यक्ति की मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाने वाले ‘गुड सेमेरिटन’ (मददगार) को अब 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, जो पहले 5 हजार रुपये थी। उन्होंने कहा कि सरकार स्टॉकहोम घोषणा 2020 के तहत वर्ष 2030 तक सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों में 50 प्रतिशत की कमी लाने के लक्ष्य पर काम कर रही है।
सुरक्षित यात्रा के लिए अपनाएं ये नियम:
दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें।
ट्रैफिक सिग्नल और गति सीमा का पालन करें।
शराब पीकर या मोबाइल पर बात करते हुए वाहन न चलाएं।
पैदल यात्रियों और एंबुलेंस को प्राथमिकता दें।