Breaking News

रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों की तैनाती पर रोक, वर्दी में दिखावा नहीं, अनुशासन, सेवा भावना झलकनी चाहिए : सीएम योगी

– त्योहारों के दौरान प्रशासनिक सक्रियता केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता के प्रति सेवा और संवेदना का दायित्व है : मुख्यमंत्री
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि ड्यूटी के दौरान रील या वीडियो बनाने वाले पुलिसकर्मियों की तैनाती संवेदनशील स्थानों पर नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्दी में दिखावा नहीं, बल्कि सेवा भावना और अनुशासन झलकना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कहा कि वर्दी केवल शक्ति का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, मर्यादा और जनसेवा का प्रतीक है। ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया पर प्रचार या प्रदर्शन की प्रवृत्ति अस्वीकार्य है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “वर्दी में रील नहीं, सेवा की मिसाल पेश करें।” योगी आदित्यनाथ ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील ड्यूटी पॉइंट्स पर ऐसे पुलिसकर्मियों को तत्काल हटाया जाए जो सोशल मीडिया पर रील या वीडियो बनाकर प्रचार में लगे हैं। उन्होंने कहा कि जनता को पुलिस में सेवा और संवेदनशीलता का भाव दिखना चाहिए, न कि दिखावे का प्रदर्शन। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आने वाले दिनों में कार्तिक पूर्णिमा, देव दीपावली, गुरु नानक जयंती, ददरी मेला (बलिया) और गढ़मुक्तेश्वर मेला (हापुड़) जैसे आयोजनों में लाखों श्रद्धालु शामिल होंगे। ऐसे में प्रत्येक जिले का प्रशासन और पुलिस पूरी सतर्कता बरते। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
योगी ने कहा कि त्योहारों के दौरान प्रशासनिक सक्रियता केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता के प्रति सेवा और संवेदना का दायित्व है। सरकार की प्राथमिकता यही है कि कोई भी श्रद्धालु असुविधा का सामना न करे और प्रदेश में शांति, व्यवस्था व अनुशासन बना रहे।
मुख्यमंत्री योगी ने जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को आदेश दिया कि घाटों और मेलों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, फ्लोटिंग बैरियर, सीसीटीवी कैमरे, मेडिकल कैंप, मोबाइल टॉयलेट, खोया-पाया केंद्र और चेंजिंग रूम जैसी सुविधाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं. उन्होंने कहा कि नदियों का जलस्तर अभी ऊँचा है और प्रवाह तेज है, इसलिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। योगी ने कहा कि एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों की सक्रिय तैनाती की जाए ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। उन्होंने साफ कहा कि बिना लाइफ जैकेट के किसी नाविक या पर्यटक को नाव पर सवारी की अनुमति न दी जाए।

Check Also

समर्पण और सादगी की मिसाल थे आलम बदी, जनसेवा के आगे आयु नहीं रखती मायने: मुख्यमंत्री योगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES