Breaking News

“पिंक बाय पिंक बॉल”: एसजीपीजीआई में वॉकाथन और क्रिकेट लीग से गूँजा ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता का संदेश

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) ने “वॉकाथन” और “पिंक बॉल क्रिकेट लीग” का आयोजन किया। यह कार्यक्रम संस्थान के ब्रेस्ट हेल्थ प्रोग्राम तथा एंडोक्राइन एवं ब्रेस्ट सर्जरी विभाग द्वारा ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता माह (अक्टूबर) के तहत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे हुई, जब बड़ी संख्या में डॉक्टर, नर्स, विद्यार्थी, कर्मचारी और उनके परिवारजन गुलाबी परिधान में वॉकाथन में शामिल हुए। वॉकाथन संस्थान के क्रिकेट मैदान से आरंभ होकर मुख्य अस्पताल द्वार तक पहुँचा। पूरे परिसर को गुलाबी रंग में सजाया गया, जो महिलाओं के स्वास्थ्य और एकजुटता का प्रतीक बना।
विभागाध्यक्ष प्रो. गौरव अग्रवाल और प्रो. अंजलि मिश्रा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए प्रारंभिक जांच और स्तन स्व-परीक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। डॉ. अभिषेक कृष्ण, डॉ. सबरेटनम एम और डॉ. ज्ञान चंद ने आयोजन का संचालन किया और प्रतिभागियों का स्वागत किया।
शाम का मुख्य आकर्षण रहा “पिंक बॉल क्रिकेट मिनी लीग”, जिसमें चार टीमों — हॉलस्टेड डायरेक्टर्स इलेवन, ऑड्रेट्स डीन इलेवन, क्लफ सीएमएस इलेवन और वेरोनेसी एंडोक्राइन सर्जरी इलेवन — ने हिस्सा लिया। टीमें विश्वप्रसिद्ध ब्रेस्ट सर्जरी विशेषज्ञों के नाम पर रखी गईं। अधिकांश खिलाड़ी महिलाएं थीं, जबकि पुरुष खिलाड़ियों को बाएँ हाथ से खेलने या अंडर-आर्म गेंदबाजी करने की शर्त दी गई।
कार्यक्रम में एसजीपीजीआई के निदेशक प्रो. आर.के. धिमान और डॉ. प्रवीणा धिमान ने विशेष रूप से भाग लिया। पूरे आयोजन ने संदेश दिया कि “समय पर जांच, जीवन की रक्षा” — और एकजुट होकर समाज ब्रेस्ट कैंसर के खिलाफ जंग जीत सकता है।

Check Also

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस व होली उत्सव पर आईएमए में जुटे चिकित्सक, महिला डॉक्टरों को मिला सम्मान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) लखनऊ और लखनऊ ऑब्स्टेट्रिक्स …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES