वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। रेल मंत्रालय ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार द्वारा सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाकर सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 की शुरुआत की। यह कार्यक्रम केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) की पहल पर 27 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 तक राष्ट्रव्यापी रूप से मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोक प्रशासन में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्रोत्साहित करना है।
रेलवे बोर्ड में आयोजित उद्घाटन समारोह में विभिन्न निदेशालयों के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रत्यक्ष एवं वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। शपथ ग्रहण के दौरान सभी ने निष्ठा, सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता के मूल्यों का पालन करने का संकल्प लिया। इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह की विषय-वस्तु है—“सतर्कता: हमारी साझा ज़िम्मेदारी।” यह विषय सामूहिक उत्तरदायित्व, नैतिक आचरण और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता के महत्व को रेखांकित करती है।
अपने संबोधन में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ सतीश कुमार ने कहा कि सतर्कता सुशासन की रीढ़ है। उन्होंने सभी अधिकारियों से ईमानदारी, दक्षता और जनसेवा के मूल्यों को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय रेलवे ने पारदर्शिता बढ़ाने और कदाचार की संभावनाओं को कम करने के लिए कई डिजिटल और प्रणालीगत सुधार किए हैं।
रेलवे बोर्ड का सतर्कता निदेशालय पूरे सप्ताह के दौरान विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करेगा, जिनमें संगोष्ठियां, कार्यशालाएं, पोस्टर अभियान और संवादात्मक सत्र शामिल हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य निवारक सतर्कता, नैतिकता और सार्वजनिक सेवा में जवाबदेही के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना है।