Breaking News

जनता पीजी कॉलेज पतला का बदलेगा नाम, अब चौधरी अजीत सिंह के नाम से होगी पहचान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। महापुरुषों के योगदान और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की पहल के तहत प्रदेश सरकार ने गाजियाबाद के जनता पीजी कॉलेज, पतला का नाम बदलने का निर्णय लिया है। अब यह महाविद्यालय ‘चौधरी अजीत सिंह जनता पीजी कॉलेज’ के नाम से जाना जाएगा। शासन स्तर से जल्द ही इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी किया जाएगा।
प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ की ओर से महाविद्यालय का नाम बदलने संबंधी प्रस्ताव उच्च शिक्षा विभाग को उपलब्ध कराया गया था। विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इसके बाद शासन स्तर पर नाम परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ महापुरुषों के गौरवशाली योगदान को विद्यार्थियों और युवाओं तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में जनता पीजी कॉलेज, पतला का नाम चौधरी अजीत सिंह के नाम पर रखने का फैसला किया गया है।
उन्होंने कहा कि चौधरी अजीत सिंह का प्रदेश और देश के सामाजिक, शैक्षिक तथा कृषि क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके नाम से शिक्षण संस्थान का जुड़ाव विद्यार्थियों को उनके विचारों, संघर्ष और योगदान से परिचित कराने में सहायक होगा।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा संस्थानों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और रोजगारपरक बनाने के साथ उनकी पहचान और गौरव को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं, शोध तथा नवाचार को बढ़ावा देने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।

Check Also

इंटरनेशनल ट्रेड शो में यूपी की दीदियों के उत्पादों को मिलेगा ग्लोबल मंच

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं के हुनर और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES