वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले विधान परिषद और राज्यसभा के चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने से सियासी हलचल तेज हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने प्रदेश की विधान परिषद की 11 रिक्त हो रही सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। इन सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।
जिन विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है, उनमें अवनीश कुमार सिंह, आशुतोष सिन्हा, मानवेंद्र प्रताप सिंह, दिनेश गोयल, मान सिंह यादव, उमेश द्विवेदी, लाल बिहारी यादव, आकाश अग्रवाल, हरि सिंह ढिल्लो, ध्रुव कुमार त्रिपाठी और श्रीचंद्र शर्मा शामिल हैं। इन सीटों पर चुनाव को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वहीं, उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए भी चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इन सीटों पर 16 अक्टूबर को मतदान होगा और इसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्टूबर निर्धारित है, जबकि चुनाव प्रक्रिया 20 अक्टूबर तक पूरी होगी।
राज्यसभा की इन 10 सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त हो रहा है। इनमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा समेत अन्य सदस्य शामिल हैं। राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव के कार्यक्रम के साथ ही प्रदेश में दलों की चुनावी तैयारियां तेज होने की संभावना है।