Breaking News

इंटरनेशनल ट्रेड शो में यूपी की दीदियों के उत्पादों को मिलेगा ग्लोबल मंच

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं के हुनर और उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की तैयारी है। ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) 2026 में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की दमदार भागीदारी होगी। प्रदेश के सभी 75 जिलों में गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं ट्रेड शो में अपने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री करेंगी।
योगी सरकार की मंशा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को उनके उत्पादों के विपणन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने की है। ट्रेड शो के माध्यम से समूह की दीदियों के उत्पादों को देश के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी पहचान मिलने की उम्मीद है। इससे ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को गति मिलेगी।
ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी भी दी जाएगी। इनमें स्वयं सहायता समूह गठन, टेक होम राशन, बीसी सखी, विद्युत सखी और बलिनी जैसी पहल शामिल हैं। वहीं, समूहों द्वारा तैयार मसाले, मुरब्बा, अचार, परिधान, जरी-जरदोजी, पॉटरी, जूट उत्पाद, आभूषण, जरी की साड़ियां, चिकनकारी, सूट, नमकीन, टेराकोटा और चमड़े के सामान समेत विभिन्न उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।
मिशन निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि ट्रेड शो स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए बड़ा अवसर है। यहां उन्हें उत्पादों की बिक्री के साथ नए बाजार और खरीदारों से जुड़ने का मौका मिलेगा। प्रदेश के विभिन्न जिलों से महिलाएं पारंपरिक खाद्य पदार्थ और हस्तनिर्मित उत्पाद लेकर पहुंचेंगी। मिशन ने आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रतिभागियों के रहने, भोजन और परिवहन की व्यवस्था मिशन की ओर से निश्शुल्क की जा रही है।

Check Also

जनता पीजी कॉलेज पतला का बदलेगा नाम, अब चौधरी अजीत सिंह के नाम से होगी पहचान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। महापुरुषों के योगदान और विचारों को नई पीढ़ी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES