Breaking News

माटीकला महोत्सव में माटी के उत्कृष्ट उत्पादों ने दर्शकों का मन मोहा

– परंपरा और नवाचार का संगम होगा माटीकला महोत्सव : राकेश सचान
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। खादी भवन में शुक्रवार को प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी, हथकरघा एवं वस्त्र मंत्री राकेश सचान ने माटीकला महोत्सव 2025 का शुभारंभ किया। यह महोत्सव 10 से 19 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर माटीकला बोर्ड द्वारा विकसित नवीन माटीकला पोर्टल और ई-वेरिफिकेशन मोबाइल ऐप का भी लोकार्पण किया गया। साथ ही 10 कारीगरों को विद्युत चालित चाक, दो को पगमिल मशीनें और दो लाभार्थियों को बैंक ऋण चेक वितरित किए गए।
दीपावली के शुभ अवसर पर आरंभ हुए इस दस दिवसीय महोत्सव में विभिन्न जनपदों से आए कारीगरों की 50 दुकानों में पारंपरिक और आधुनिक माटीकला उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं, जो आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
मंत्री राकेश सचान ने बताया कि अब तक 48,048 कारीगर परिवारों की पहचान की जा चुकी है, जिनमें से 37,190 कारीगरों को मिट्टी की निकासी हेतु पट्टा आवंटित किया गया है। बोर्ड द्वारा 15,932 विद्युत चालित चाक और 375 पगमिल मशीनें वितरित की जा चुकी हैं। इस वर्ष 2,500 चाक और 300 पगमिल मशीनें वितरित करने का लक्ष्य है। इसके साथ ही 603 जोड़ी पीओपी डाई, 31 पेंटिंग मशीनें और 81 दीया मशीनें कारीगरों को प्रदान की गई हैं। मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के तहत पिछले छह वर्षों में 1,114 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृत कर उद्योग इकाइयों की स्थापना कराई गई है। इस वर्ष 300 नई इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है। राज्य में अब तक छह कॉमन फैसिलिटी सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि अमेठी, बरेली और बिजनौर में तीन नए केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत 16,307 लाभार्थियों को तकनीकी प्रशिक्षण, 1,114 को उद्यम संचालन और 6,786 को शिल्पकारी प्रशिक्षण दिया गया है।
महोत्सव में लखनऊ की प्रियंका वर्मा, चुनार (मिर्ज़ापुर) के मंडल पुरस्कार विजेता बाबूलाल प्रजापति, गोरखपुर से राज्य पुरस्कार विजेता अखिलेशचन्द्र प्रजापति एवं दिलीप प्रजापति, निज़ामाबाद (आजमगढ़) से शुभम प्रजापति, बाराबंकी से प्रेमचंद प्रजापति सहित अन्य ज़िलों से आये कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट कारीगरी से दर्शकों का बरबस मन मोह रहे थे। आगंतुक इनके लगाए स्टॉल पर बेहतरीन कारीगरी को देखने के साथ खरीददारी के लिए बाध्य हो रहे थे। इन लोगों ने बताया की वह सब सालों से यहाँ महोत्सव में स्टॉल लगा रहे है, और पिछले साल इनके उत्पादों की बिक्री भी खूब हुए थी। इन्हे उम्मीद है की इस बार बिक्री में पिछले साल का रिकार्ड टूटेगा।
उद्घाटन समारोह में बोर्ड के महाप्रबंधक शिशिर, नोडल अधिकारी संजय कुमार पांडे, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड और माटीकला बोर्ड के अधिकारी, कर्मचारी सहित सूचना विभाग के सूचनाधिकारी धर्मवीर खरे एवं प्रदीप कुमार भी उपस्थित रहे।

Check Also

मोबाइल टॉवर पूरी तरह सुरक्षित, अफवाहों से बचने की अपील

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। भारत सरकार के संचार मंत्रालय के अंतर्गत दूरसंचार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES