Breaking News

रालोद महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक व कार्यकर्ता सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण का संकल्प

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (महिला प्रकोष्ठ) उत्तर प्रदेश द्वारा आज विशाल खण्ड, गोमती नगर, लखनऊ में प्रदेश कार्यकारिणी बैठक एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेशभर से आई महिला कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और राष्ट्रीय लोकदल की नीतियों, विचारधारा तथा संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव संगठन त्रिलोक त्यागी ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना राजनीति अधूरी है। रालोद ने हमेशा महिलाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में लाने का कार्य किया है। आज आवश्यकता है कि महिलाएँ पंचायत से लेकर संसद तक अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराएँ। रालोद महिला प्रकोष्ठ संगठन को पूरे देश में और अधिक सक्रिय व मजबूत बनाएगा। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने हमेशा किसानों, मजदूरों और महिलाओं के सम्मान की राजनीति की और उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रालोद महिला प्रकोष्ठ समाज में बदलाव की धुरी बनेगा।
विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि रालोद कार्यकर्ताओं का यह सम्मेलन इस बात का प्रमाण है कि पार्टी की जड़ें जनता के बीच गहरी हैं और महिलाओं की यह सक्रियता प्रदेश की राजनीति में सकारात्मक बदलाव लाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं राष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिलावे इंदिरा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिला प्रकोष्ठ का यह आयोजन ऐतिहासिक है। महिलाओं की शक्ति जब संगठन से जुड़ती है तो पार्टी को नई ऊर्जा और दिशा मिलती है।
प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ परिणीता सिंह ने कहा कि महिलाएँ केवल समाज की धुरी ही नहीं बल्कि राजनीति की भी नींव हैं। रालोद महिला प्रकोष्ठ आने वाले समय में हर गाँव और कस्बे में महिलाओं को संगठित करेगा।
इस अवसर पर तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी कपिलावे दिलीप कुमार ने चौधरी चरण सिंह की नीतियों पर चलने की अपील की और महिलाओं से राजनीति में आगे आने का आह्वान किया। रालोद के राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा ने कहा कि पार्टी की विचारधारा किसान, मजदूर, नौजवान और महिलाओं के अधिकारों पर आधारित है। पार्टी ने हमेशा महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है और भविष्य में पंचायत से लेकर विधानसभा व संसद तक अधिकाधिक महिलाओं को अवसर देने का संकल्प लिया है। सम्मेलन के उपरांत सभी पदाधिकारी प्रदेश मुख्यालय, 9-बी त्रिलोकनाथ मार्ग, लखनऊ पहुँचे और भारत रत्न किसान नेता चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
रालोद मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने कहा कि यह सम्मेलन इस बात का प्रतीक है कि राष्ट्रीय लोकदल में महिलाएँ केवल सहभागी नहीं बल्कि नेतृत्व की धुरी भी हैं। पार्टी का संकल्प है कि महिलाओं की आवाज़ को राजनीति की मुख्यधारा में लाकर समाज को नई दिशा दी जाए। इस सम्मेलन में रालोद महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय सचिव नम्रता शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह तथा महिला प्रकोष्ठ प्रभारी रमावती तिवारी भी प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।

Check Also

आतिथ्य से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम,ए मकेआईटीएम में होम-स्टे संचालकों को मिला आधुनिक प्रशिक्षण

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पर्यटन को नई दिशा देने के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES