वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। त्योहारों और बारिश को देखते हुए नगर निगम लखनऊ ने विशेष रात्रि सफाई अभियान शुरू किया है। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर 2 सितंबर से शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना, मार्ग प्रकाश को दुरुस्त करना, जलभराव की समस्या का समाधान करना, क्षतिग्रस्त मैनहोल और पाइपलाइन की मरम्मत कराना और संचारी व वेक्टर जनित बीमारियों पर नियंत्रण करना है।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि इस अभियान को चरणबद्ध तरीके से सभी 110 वार्डों में चलाया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक वार्ड में नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। मंगलवार से शुरू हुआ यह अभियान बुधवार को भी देर रात तक जारी रहा। इस दौरान नगर निगम के आठों जोनों में अधिकारियों की टीमों ने निरीक्षण कर सफाई और मरम्मत कार्य की स्थिति का जायजा लिया।
जोन-1 में अपर नगर आयुक्त ललित कुमार ने राम मोहन राय वार्ड का निरीक्षण किया। जोन-2 में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने मालवीय नगर वार्ड में सफाई व्यवस्था देखी। जोन-3 में अपर नगर आयुक्त नम्रता सिंह ने जानकीपुरम तृतीय वार्ड और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह ने फैजुल्लागंज तृतीय वार्ड का निरीक्षण किया। जोन-4 में मुख्य अभियंता महेश वर्मा ने भरवारा मल्हौर वार्ड का दौरा किया। जोन-5 में मुख्य वित्त लेखाधिकारी महामिलिंद लाल ने सरोजिनी नगर द्वितीय वार्ड का निरीक्षण किया। जोन-6 में नगर स्वास्थ्य अधिकारी पी.के. श्रीवास्तव ने मा. कल्याण सिंह वार्ड और मुख्य अभियंता मनोज प्रभात ने मल्लाही टोला प्रथम वार्ड का निरीक्षण किया। जोन-7 में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय ने शहीद भगत सिंह प्रथम वार्ड और जोन-8 में अपर नगर आयुक्त अरविंद कुमार राव ने शारदा नगर द्वितीय वार्ड का निरीक्षण किया।
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि यह रात्रि सफाई अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है बल्कि इसे नियमित रूप से सभी वार्डों में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण जलभराव और गंदगी फैलने की संभावना बढ़ जाती है जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य बीमारियां फैल सकती हैं। ऐसे में नियमित नाइट स्वीपिंग, फॉगिंग और सफाई आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी क्षेत्रों में पूरी सतर्कता के साथ अभियान चलाया जाए ताकि आगामी त्योहारों पर शहरवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।