Breaking News
??

परिवहन मंत्री ने पीईटी परीक्षा में अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु बस सेवाओं के लिए दिए निर्देश

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने छह और सात सितम्बर को आयोजित होने वाली प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी-2025) को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बस स्टेशनों पर सुरक्षा और साफ सफाई की विशेष व्यवस्था हो ताकि विशेषकर महिला अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
परिवहन मंत्री के निर्देशों के क्रम में परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि परीक्षा दो दिनों में चार पालियों में आयोजित होगी। प्रदेश के 48 जनपदों में 1479 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 25 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें सबसे अधिक लखनऊ में एक लाख 26 हजार 912 अभ्यर्थी शामिल होंगे जबकि गाजियाबाद में भी लगभग एक लाख परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। ऐसे में दोनों जिलों में परिवहन की अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी।
एमडी सरवर ने क्षेत्रीय प्रबंधकों और नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपस में समन्वय बनाकर बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी दो दिन पहले से ही अपने परीक्षा केन्द्रों के लिए निकलना शुरू कर सकते हैं, इसलिए सभी जिलों के बस अड्डों पर पर्याप्त संख्या में बसें उपलब्ध कराई जाएं। संबंधित जिलाधिकारियों और पुलिस प्रशासन से समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की जाए। बस स्टेशनों पर निगम हेल्पलाइन 18001802877 और महिलाओं के लिए दामिनी हेल्पलाइन नंबर 8114277777 फ्लेक्स पर अंकित कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने जोर दिया कि स्टेशनों पर शौचालयों की स्वच्छता, यात्रियों के बैठने और प्रतीक्षा स्थलों पर पंखों की व्यवस्था तथा नियमित साफ सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि अभ्यर्थियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा मिल सके।

Check Also

राजस्व वसूली तेज करने और अवैध शराब पर सख्ती के निर्देश, 10 जिलों के आबकारी अधिकारियों से स्पष्टीकरण

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारलखनऊ। उत्तर प्रदेश के आबकारी एवं मद्य निषेध राज्य मंत्री …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES