Breaking News

सरल निवेश प्रक्रिया प्रदेश को औद्योगिक विकास की नई दिशा देगा : दीपक कुमार, मुख्य सचिव

– हाई-लेवल इम्पावर्ड कमेटी ने 15 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं को दी संस्तुति
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन देने और रोजगार सृजन के उद्देश्य से आयोजित हाई-लेवल इम्पावर्ड कमेटी (HLEC) और इम्पावर्ड कमेटी (EC) की बैठक में कुल ₹15,525 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं को ‘लेटर ऑफ कम्फर्ट’ (LoC) जारी करने की संस्तुति दी गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक मुख्य सचिव दीपक कुमार ने लोकभवन में की।
इस दौरान HLEC ने ₹14,948.20 करोड़ की 11 परियोजनाओं को हरी झंडी दी, जबकि EC ने ₹576.78 करोड़ के 6 प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की। राज्य सरकार के अनुसार यह कदम निवेश आकर्षित करने और रोजगार के नए अवसर खोलने की दिशा में महत्वपूर्ण है। ‘लेटर ऑफ कम्फर्ट’ निवेशकों को आश्वस्त करता है कि पात्रता मानकों व स्वीकृत प्रावधानों की पूर्ति होने पर उन्हें प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाएगा। सभी आवेदन ऑनलाइन प्रोत्साहन प्रबंधन प्रणाली (OIMS) पोर्टल के जरिए प्राप्त हुए, जिनमें विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों ने भागीदारी की। HLEC ने निवेश को तीन औद्योगिक श्रेणियों में वर्गीकृत किया है—अल्ट्रा मेगा श्रेणी ₹11,281.51 करोड़, सुपर मेगा श्रेणी ₹1,980.84 करोड़ और मेगा श्रेणी ₹1,685.85 करोड़।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रक्रियात्मक विलंब हर स्तर पर दूर किए जाएं और निवेशकों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि निवेश प्रक्रियाओं को सरल बनाना प्रदेश को औद्योगिक विकास की नई दिशा देगा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को गति मिलेगी।

Check Also

हर सप्ताह होगा भर्ती इवेंट, छह माह में एक लाख युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी: योगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगले छह …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES