– “हमारी संस्कृति, हमारी विरासत – कजरी महोत्सव 2025” का भव्य आयोजन
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। जनपद बस्ती के हर्रैया में शुक्रवार को “हमारी संस्कृति, हमारी विरासत – कजरी महोत्सव 2025” का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ और मंच पर पारंपरिक लोकगीतों, लोकधुनों व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण गूंज उठा।
इस अवसर पर श्री मौर्य ने कहा कि कजरी महोत्सव पूर्वांचल की लोक संस्कृति का जीवंत प्रतीक है। यह हमारी परंपराओं, लोकधरोहर और सांस्कृतिक अस्मिता को संरक्षित करता है। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। कजरी गीतों और प्रस्तुतियों में हमारे पूर्वजों की जीवनशैली, मेहनत, प्रकृति से जुड़ाव और उत्सवप्रियता झलकती है। उन्होंने कहा कि इस सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान डबल इंजन सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चाबी, चेक आदि वितरित किए गए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को पांच लाख रुपये तक निःशुल्क इलाज की सुविधा मिल रही है और प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना व राशन वितरण जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। दुश्मनों को ऑपरेशन “सिंदूर” के माध्यम से करारा जवाब दिया गया है, जिससे देश की सुरक्षा और आत्मविश्वास दोनों मजबूत हुए हैं। कार्यक्रम में शासकीय योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।