Breaking News

सिक्ख सम्मेलन में अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, 2027 में सपा सरकार बनने का किया दावा

– सुप्रीम कोर्ट का हस्तक्षेप होगा तो चुनाव आयोग भाजपा का जुगाड़ आयोग नहीं बनेगा : अखिलेश
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया सभागार में शुक्रवार को आयोजित सिख समाज के सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे हमले बोले। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पारदर्शी चुनाव कराना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है लेकिन यहां मतदाताओं को मतदान से रोका गया, अपनी जाति के अधिकारियों को चुनाव ड्यूटी पर लगाया गया और कुंदरकी व रामपुर उपचुनावों में शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अयोध्या उपचुनाव में पांच हजार बाहरी लोगों को वोट डालने लाया गया, यह वोटों की डकैती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चुनाव आयोग भाजपा का “जुगाड़ू आयोग” बनता रहा तो जनता सड़कों पर उतर सकती है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए आयोग को सही मतदाता सूची तैयार करनी होगी और किसी भी मतदाता को मतदान से वंचित नहीं होने देना चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को महंगाई से कोई सरोकार नहीं है, वह मुनाफा अपनी जेब में रखती है जबकि मुनाफे का बंटवारा किसानों के बीच होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा हालात को देखते हुए 2027 में भाजपा की सरकार नहीं बल्कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा चुकी हैं, अस्पतालों में इलाज नहीं हो रहा और गोंडा में गलत इंजेक्शन लगने से महिला की मौत इसकी बानगी है। भाजपा शासन में हिरासत में मौतों के मामले गुजरात के बाद यूपी में सबसे अधिक हो चुके हैं। राजधानी लखनऊ में न्याय की गुहार लगाने लोग आत्महत्या तक करने लगे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि पड़ोसी देशों में शांति भारत सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए जबकि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार और अन्याय में डूबी हुई है। उन्होंने किसानों की समस्याओं पर कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर किसान फंड बनाया जाएगा, मंडियां स्थापित कर किसानों को सीधे बाजार से जोड़ा जाएगा और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाकर कृषि का विकास किया जाएगा। सभागार ‘‘बोले सो निहाल, सतश्री अकाल‘‘ और ‘‘वाहे गुरू जी का खालसा, वाहे गुरू जी की फतेह‘‘ के नारों से गूंजता रहा। सिख समाज ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव पर भरोसा जताते हुए आगामी विधानसभा चुनावों में समाजवादी सरकार और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने को अपनी इज्जत का सवाल बताया। कार्यक्रम का आयोजन तेजिंदर सिंह विर्क रामपुर और सरदार कुलदीप सिंह भुल्लर पीलीभीत ने किया।
सम्मेलन में उपस्थित सिख समाज ने अखिलेश यादव को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया और आगामी विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी का समर्थन करने का संकल्प जताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिख समाज के प्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Check Also

बजट सिर्फ आंकड़ों का नहीं, भारत के भविष्य का विजन: सीएम योगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES