Breaking News

कोका-कोला के नए बॉटलिंग प्लांट से 2000 से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
गोरखपुर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई दिशा देते हुए एसएलएमजी समूह की प्रमुख इकाई और कोका-कोला की अधिकृत निर्माता अमृत बॉटलर्स ने गोरखपुर औद्योगिक विकास क्षेत्र (गीडा) के सेक्टर-27 में अपने नए बॉटलिंग प्लांट का भूमि पूजन किया। गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम से क्षेत्र में औद्योगिक प्रगति और रोजगार सृजन की राह और आसान हुई।
करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से 40 एकड़ में बनने वाला यह अत्याधुनिक संयंत्र प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 2000 से अधिक लोगों को रोजगार देगा। वर्तमान में एसएलएमजी अपनी पूरी वैल्यू चेन के जरिए 79,000 से अधिक लोगों को रोज़गार मुहैया करा रहा है, जिनमें 5,000 से अधिक कर्मचारी प्रत्यक्ष रूप से कार्यरत हैं। 2,900 बोतल प्रति मिनट की उत्पादन क्षमता वाला गोरखपुर का नया प्लांट एसएलएमजी के उत्तर प्रदेश स्थित सात मौजूदा संयंत्रों की कुल 21,082 बीपीएम क्षमता को और बढ़ाएगा। इससे कोका-कोला की कुल दैनिक बॉटलिंग क्षमता 3.03 करोड़ से बढ़कर 3.46 करोड़ बोतल हो जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमि पूजन के अवसर पर कहा कि अमृत बॉटलर्स का यह कदम गोरखपुर को औद्योगिक केंद्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने ऊर्जा-कुशल और टिकाऊ संचालन पर बल देने वाले इस प्रोजेक्ट को विकास और पर्यावरण संरक्षण के संतुलन का उदाहरण बताया।
अमृत बॉटलर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक राकेश लधानी ने कहा कि गोरखपुर का यह संयंत्र कोका-कोला की आपूर्ति श्रृंखला को मज़बूती देगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था में नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने बताया कि यह प्रोजेक्ट एसएलएमजी की उस बड़ी योजना का हिस्सा है, जिसके तहत 2030 तक उत्तर प्रदेश और बिहार में 1 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश किया जाएगा।
इस नई सुविधा से गोरखपुर और आसपास के क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और उत्तर प्रदेश के औद्योगिक मानचित्र को और मजबूती मिलेगी।

Check Also

श्रावण के प्रथम सोमवार पर बाबा विश्वनाथ के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं के लिए चाक-चौबंद इंतजाम

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वाराणसी। श्रावण माह 2026 के प्रथम दिवस पर बाबा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES