– श्री काशीविश्वनाथो विजयतेतराम
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
वाराणसी। आगामी एयर शो के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम में विशेष भीड़ प्रबंधन व्यवस्था लागू की जाएगी। 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो के मद्देनजर मंदिर प्रशासन ने श्रावण मास के सोमवार की तर्ज पर श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास की व्यवस्था करने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में शनिवार को धाम स्थित सभागार में मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र की अध्यक्षता में समन्वय बैठक हुई। इसमें मंदिर प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पुलिस विभाग तथा सीआरपीएफ के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में तय किया गया कि संभावित भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिए प्रवेश और निकास मार्गों का सुव्यवस्थित संचालन किया जाएगा। जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। संबंधित विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आवागमन को सुचारु बनाया जाएगा।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। प्रवेश और निकास मार्गों पर पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही भीड़ की लगातार निगरानी की जाए। किसी भी स्थिति में श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, एयर शो के दौरान धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और कार्यदायी एजेंसियों के सहयोग से तैयारियां की जा रही हैं। व्यवस्थाओं की निगरानी कर जरूरत के मुताबिक तत्काल कदम उठाए जाएंगे।