Breaking News

कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था का डीआईजी ने किया निरीक्षण

– मेरठ से मुज़फ्फरनगर बॉर्डर तक हाईवे मार्ग पर व्यवस्थाओं की समीक्षा- सुरक्षा बल को दिए सख्त निर्देश
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार
मेरठ। कांवड़ यात्रा के सफल, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित आयोजन के उद्देश्य से पुलिस उप महानिरीक्षक, मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक नगर मेरठ आयुष विक्रम सिंह के साथ मेरठ जनपद के मोदीपुरम, दौराला टोल और मुजफ्फरनगर बॉर्डर तक हाईवे पर कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलानिधि नैथानी ने कांवड़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन, प्रकाश, सुरक्षा व्यवस्था, और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी में लगे पुलिस बल को ब्रीफ किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक बनी रहे। सिवाया टोल प्लाजा पर बने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया गया और टोल मैनेजर एवं कर्मियों से यात्रा के संचालन में सहयोग के संबंध में चर्चा की गई।
कांवड़ मार्ग पर जहां-जहां सड़क कट है, वहां ‘धीरे चलें’ के संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।
सिवाया टोल प्लाजा, पल्लवपुरम और परतापुर इंटरचेंज जैसे प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल रिजर्व में रखने का आदेश दिया गया।
ड्यूटी पर लगे समस्त पुलिस बल को सजग और सतर्क रहते हुए पूरी जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों को हिदायत दी गई कि वे अपने साथ केवल हमराह लेकर न चलें, बल्कि क्यूआरटी (QRT) टीम को भी साथ रखें।
कांवड़ यात्रियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित लेन में ही यात्रा करें, सड़क पर न सोएं, और केवल निर्धारित स्थानों पर ही विश्राम करें।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी नैथानी ने कांवड़ियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं व सुझाव भी सुने और उन्हें विश्वास दिलाया कि प्रशासन उनकी यात्रा को पूर्णत: सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने हेतु प्रतिबद्ध है।

Check Also

लाखों के स्वर्णाभूषण बरामद, चोरी की घटना का अनावरण, दो आरोपी गिरफ्तार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार झांसी। थाना कोतवाली पुलिस ने चोरी की एक बड़ी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES