Breaking News

अटल जी के गांव को अंतर्राष्ट्रीय मानचित्र पर लाने की तैयारी

– बटेश्वर में 27 करोड़ रुपये की पर्यटन परियोजनाएं
– अटल जी की स्मृति में विकसित होगा धार्मिक तीर्थ
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक गांव बटेश्वर (जनपद आगरा) को एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार ने इसके लिए 27 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।
मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को बताया कि अटल जी की 101वीं जयंती वर्ष को विशेष बनाने के उद्देश्य से बटेश्वर में बुनियादी सुविधाओं, धार्मिक संरचनाओं और सांस्कृतिक घाटों के विकास पर ज़ोर दिया जा रहा है। पर्यटन विभाग द्वारा तैयार की गई योजना के अंतर्गत बटेश्वर को धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व के बहुआयामी पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य है। ये प्रयास स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने, रोज़गार सृजन और भारत की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने की दिशा में उठाए गए महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि आगरा आने वाले पर्यटक केवल ताजमहल तक सीमित न रहें, बल्कि बटेश्वर, कन्नौज, चित्रकूट जैसे स्थलों की ओर भी आकर्षित हों। अटल जी न केवल एक कुशल राजनीतिज्ञ थे, बल्कि ओजस्वी वक्ता, संवेदनशील लेखक और प्रभावशाली पत्रकार भी थे। उनका पैतृक गांव बटेश्वर उनकी स्मृतियों से जुड़ा हुआ है। इसे विकसित करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और युवा पीढ़ी को उनके जीवन संघर्ष व विचारों से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।
बताते चलें कि बटेश्वर धाम उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित है और चंबल घाटी में स्थित 101 प्राचीन शिव मंदिरों की श्रृंखला के लिए विख्यात है। नागर शैली में निर्मित ये मंदिर प्रतिहार वंश के शासनकाल के दौरान निर्मित हुए थे। यह स्थान कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले पशु मेले और विशेष स्नान के लिए प्रसिद्ध है, जिसमें लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं।
परियोजनाओं का विवरण:
बुनियादी ढांचे और पर्यटक सुविधाओं के विकास के लिए ₹2 करोड़
गोपालेश्वर मंदिर से सांस्कृतिक संकुल तक घाट विकास हेतु ₹19 करोड़
फिरोजाबाद रोड व एक्सप्रेसवे रोड पर प्रवेश द्वारों के निर्माण हेतु ₹5 करोड़
रपड़ी क्षेत्र में इको-टूरिज्म साइनेज विकास के लिए ₹1 करोड़

Check Also

राम मंदिर में दान की गई पांच करोड़ की स्वर्णमंडित रामचरितमानस पर उठे सवाल, पूर्व आईएएस के दावे से बढ़ी जांच की चर्चा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे के रखरखाव और सुरक्षा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES