वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच उत्तर प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के विकास और किसानों की आय बढ़ाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के तहत उत्तर प्रदेश के प्रदर्शन की जानकारी देते हुए बताया कि ऋण स्वीकृति और वितरण के मामले में प्रदेश देश में अग्रणी स्थान पर है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना, तकनीकी उन्नयन और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
मौर्य ने प्रदेश की विशाल कृषि क्षमता का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार से अतिरिक्त संसाधनों और नई परियोजनाओं के लिए सहयोग का अनुरोध किया। उन्होंने लघु उद्यमियों और किसानों के हित में विशेष रियायतों की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की नीतियां निवेश आकर्षित करने में सफल रही हैं और इससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार राज्य में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए हर संभव सहयोग देगी। दोनों नेताओं ने सहमति जताई कि बेहतर समन्वय और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।