वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने विधान परिषद की 11 सीटों के लिए प्रस्तावित चुनावों की मतदाता सूची में गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान की मांग की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को ज्ञापन सौंपकर डुप्लीकेट मतदाताओं के नामों की जांच और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में हजारों डुप्लीकेट नाम दर्ज हैं। सपा ने इसके समर्थन में 276 पृष्ठों का विवरण संलग्न करने की बात कही है। पार्टी ने मिर्जापुर के कुछ बूथों का उदाहरण देते हुए दावा किया कि एक ही मतदाता के नाम कई बार दर्ज हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
सपा ने लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और मतदान व मतगणना की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की मांग की है। पार्टी ने मतगणना के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न होने देने, मतपेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अधिकृत एजेंटों को ही प्रवेश देने की भी मांग की।
ज्ञापन में 23 अक्टूबर को मतदान वाले जिलों में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग भी शामिल है। पार्टी ने कहा कि पहचान पत्र और मतदाता सूची में नाम या पते की मामूली विसंगति के कारण किसी मतदाता को मतदान से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद विद्यालयों के दोबारा सत्यापन के नाम पर कथित उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग भी की गई है। ज्ञापन सौंपने वालों केके श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चन्द्र सिंह यादव और राधेश्याम सिंह ने निर्वाचन अधिकारी से तत्काल कार्रवाई की मांग की।