Breaking News

ऊंचाहार में पीड़ित परिवार को सपा ने दी एक लाख की मदद, अखिलेश यादव तक पहुंचा मामला

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। रायबरेली के ऊंचाहार क्षेत्र में एक परिवार के साथ कथित मारपीट, जमीन से बेदखली और महिला से दुष्कर्म के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पूर्व मंत्री व विधायक इन्द्रजीत सरोज और रायबरेली जिलाध्यक्ष इंजीनियर वीरेन्द्र यादव ने पीड़ित परिवार के साथ हुई घटनाओं की जानकारी दी। पार्टी की ओर से परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी गई।
सपा नेताओं के मुताबिक, जगतपुर थाना क्षेत्र के उड़वा गांव निवासी सीमा देवी पत्नी राजू पासी की चार बिस्वा जमीन पर ग्राम प्रधान रमेश मिश्र द्वारा बार-बार कब्जा करने का आरोप है। शिकायत के बाद उपजिलाधिकारी के आदेश पर राजू पासी को जमीन पर कब्जा मिला, लेकिन आरोप है कि बाद में ट्रैक्टर से खेत जोतकर उन्हें फिर बेदखल कर दिया गया। सीमा देवी ने ग्राम प्रधान पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। सपा नेताओं के अनुसार, न्यायालय के आदेश पर इस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ। आरोप है कि छह अक्टूबर 2026 को ग्राम प्रधान और उनके परिजनों ने सीमा देवी तथा उनके पति के साथ मारपीट की। सीमा देवी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पीड़ित परिवार की मदद कर रहीं रिद्धिमा सिंह के साथ भी मारपीट और उनकी कार में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाया गया है।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस मामले में उचित कार्रवाई नहीं कर रही है और आरोपियों को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। इन आरोपों पर पुलिस और संबंधित पक्ष का आधिकारिक बयान उपलब्ध नहीं है।

Check Also

ट्रेन में मोबाइल पर तेज आवाज में गाना बजाया तो होगी कार्रवाई

– रेलवे ने यात्रियों को किया सतर्क वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। ट्रेन में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *