Breaking News

गाजीपुर में सीआईएसएफ जवान पर फायरिंग का आरोप, अखिलेश यादव से लगाई गिरफ्तारी की गुहार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। गाजीपुर के भांवरकोल थाना क्षेत्र में सीआईएसएफ जवान और उसके परिजनों पर जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग की गई है। पीड़ित परिवार के राकेश सिंह यादव ने सोमवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को ज्ञापन सौंपकर परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई।
ज्ञापन के मुताबिक, सीआईएसएफ जवान राघवेश सिंह यादव 13 अक्टूबर 2026 को छुट्टी पर घर आया था। क्रिकेट खेलकर लौटते समय रास्ते में कुछ लोगों ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और पिस्टल से गोली मारने का प्रयास किया। आरोप है कि गोली नहीं लगने पर पिस्टल के बट से उसके सिर पर हमला कर घायल कर दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि घायल जवान को उपचार के लिए ले जाते समय हमलावरों ने दोबारा रास्ता रोककर फायरिंग की। इसमें पंकज यादव के सीने और राघवेश के पैर में गोली लगी। ज्ञापन में बताया गया है कि दोनों का इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। राकेश सिंह यादव के अनुसार, मामले में भांवरकोल थाने में मुकदमा संख्या 224/2026 दर्ज कराया गया है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिवार ने आरोप लगाया कि अभियुक्त मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
ज्ञापन में कुछ आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख किया गया है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, परिवार की सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का पक्ष इस संबंध में उपलब्ध नहीं हो सका।

Check Also

आकाश आनंद की तारीफ में मायावती ने पढ़े कसीदे, अशोक सिद्धार्थ की वापसी पर लगाई रोक

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने आकाश आनंद …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *