वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
वाराणसी। प्रस्तावित एयर शो को लेकर काशी को आकर्षक रूप देने की तैयारी तेज हो गई है। बाबतपुर एयरपोर्ट से नमो घाट तक प्रमुख मार्गों, भवनों, फ्लाईओवर, अंडरपास और दीवारों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। कहीं दीवारों पर गंगा की लहरें और घाटों के दृश्य उकेरे जा रहे हैं, तो कहीं रोशनी के जरिए सुबहे बनारस की छटा बिखेरने की तैयारी है। उद्देश्य शहर आने वाले लोगों को काशी की धार्मिक, सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत से रूबरू कराना है।
वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के अनुसार, काशी की पहचान उसकी समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता से है। इसी को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट से नमो घाट तक पेंटिंग, म्यूरल आर्ट और आकर्षक लाइटिंग का काम कराया जा रहा है। दीवारों पर गंगा आरती, घाटों, भगवान बुद्ध से जुड़े प्रसंगों और काशी के गीत-संगीत व नृत्य की झलक दिखाई देगी।
नमो घाट मार्ग के डिवाइडर पर डमरू, त्रिशूल और ॐ के प्रतीक वाले झंडे लगाने की तैयारी है। नमो घाट मार्ग पर मोटिफ लाइटें लगाई जा रही हैं, जबकि चौकाघाट पुल पर मोटिफ स्तंभ आकर्षण बढ़ाएंगे। नमो घाट से चौकाघाट तक भवनों और दुकानों को एक रंग में रंगा जा रहा है, जिससे पूरे मार्ग पर एकरूपता दिखाई देगी। पेड़ों पर फसाड लाइटिंग और बिजली के खंभों पर स्पाइरल स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट से अतुलानंद तक मोटिफ लाइटिंग और बाबतपुर से नमो घाट ब्रिज तक पेड़ों व पुलों पर रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। बाबतपुर से फ्लाईओवर तक डिवाइडर पर पेंटिंग भी कराई जा रही है।
नमो घाट और गया घाट पर भी पेंटिंग का काम जारी है। सौंदर्यीकरण पूरा होने के बाद एयरपोर्ट से नमो घाट तक का रास्ता रंगों और रोशनी से जगमगाएगा। इससे काशी की सांस्कृतिक पहचान को नया आकर्षक स्वरूप मिलने की उम्मीद है।