Breaking News

इंडो-रशियन राइफल्स फैक्ट्री का रक्षा पत्रकारों ने किया दौरा

– AK-203 ‘शेर’ राइफल का 100% स्वदेशीकरण लक्ष्य: मेजर जनरल एस.के. शर्मा
– प्रतिवर्ष 1.5 लाख राइफल करने की योजना
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार
अमेठी। दिल्ली से 25 से अधिक रक्षा पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को अमेठी जनपद के कोरवा स्थित इंडो-रशियन राइफल्स प्राइवेट लिमिटेड (IRRPL) फैक्ट्री का दौरा किया। फैक्ट्री के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक मेजर जनरल एस. के. शर्मा ने प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए संयंत्र की कार्यप्रणाली, उत्पादन प्रगति और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
मेजर जनरल शर्मा ने बताया कि IRRPL ने अब तक भारतीय सेना को 48,000 से अधिक AK-203 राइफलें प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि “हमारा लक्ष्य है कि 31 दिसंबर 2025 तक AK-203 राइफल का पूर्णत: स्वदेशीकरण किया जाए, जिसके बाद इसे AK-203 ‘शेर’ के नाम से जाना जाएगा।” उन्होंने आगे बताया कि आने वाले वर्षों में उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 1.5 लाख राइफल प्रतिवर्ष करने की योजना है ताकि 2030 तक भारतीय सेना की राइफल संबंधी सभी आवश्यकताओं की पूर्ति की जा सके। इसके अतिरिक्त, बढ़ी हुई उत्पादन क्षमता के साथ, कंपनी का उद्देश्य निर्यात बाजार में भी प्रवेश करना है। साथ ही ये राइफलें भारतीय अर्धसैनिक बलों और राज्य पुलिस बलों को भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
मेजर जनरल शर्मा ने अपने संबोधन में यह भी कहा, “हमारा दीर्घकालिक लक्ष्य है कि IRRPL को 2030 तक दुनिया की शीर्ष 5 असॉल्ट राइफल निर्माण कंपनियों में शामिल किया जाए।” दौरे के अंतर्गत पत्रकारों ने IRRPL की फायरिंग रेंज में राइफल का प्रदर्शन भी देखा और संबंधित अधिकारियों से तकनीकी व रणनीतिक पहलुओं पर संवाद किया।
बताते चलें कि IRRPL एक भारत-रूस संयुक्त उपक्रम है, जिसमें CEO सहित 3 वरिष्ठ पदाधिकारी भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। साथ ही, संस्थान में स्थायी रूसी विशेषज्ञ और सेवानिवृत्त भारतीय सैनिक भी कार्यरत हैं। कोरवा में स्थित यह फैक्ट्री स्थानीय युवाओं को रोजगार का अवसर देकर क्षेत्रीय विकास में भी योगदान दे रही है।

Check Also

टोल बूथ पर मारपीट के विरोध में अधिवक्ता सड़क पर उतरे, जुलूस निकाल पुतला फूंका, धरना दिया

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारलखनऊ। लोढ़ी टोल प्लाजा पर महिला अधिवक्ता और उनके परिजनों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES