Breaking News

बुंदेलखंड में औद्योगिक विकास को रफ्तार, बीडा में 28,874 एकड़ भूमि का अर्जन पूरा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। योगी सरकार में बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) क्षेत्र में औद्योगिक विकास की तैयारियों को तेजी मिल रही है। एक अक्टूबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार 33 गांवों में 56,662 एकड़ के अनुमोदित क्षेत्र में से 28,874 एकड़ भूमि का अर्जन पूरा हो चुका है। प्रथम चरण में 35,298 और द्वितीय चरण में 21,364 एकड़ भूमि का विकास प्रस्तावित है।
बीडा में 2,320 एकड़ क्षेत्र को एक्टिवेशन एरिया के रूप में चिह्नित किया गया है। इसके प्रथम चरण में 1,000 एकड़ क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इसके लिए ड्राफ्ट सेक्टर प्लान तैयार किया जा चुका है। महायोजना के अनुमोदन के बाद विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। इस क्षेत्र में सड़क, जलापूर्ति, विद्युत, जल निकासी और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए 447.01 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें 132 केवी विद्युत पारेषण लाइन, 30 एमएलडी जल ट्रंक लाइन, स्टॉर्म वाटर ड्रेन, विद्युत डक्ट, साइकिल ट्रैक, फुटपाथ, प्रशासनिक भवन, आइसीसीसी, जल वितरण पाइपलाइन और 33/11 केवी सबस्टेशन शामिल हैं। इन परियोजनाओं को अटल इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत स्वीकृति मिली है।
बीडा में डेटा सेंटर, आइटी, केमिकल और डिफेंस जैसे क्षेत्रों के लिए क्लस्टर आधारित विकास की योजना है। डेटा सेंटर-आइटी क्लस्टर के लिए चिह्नित 1,000 एकड़ में से 810 एकड़ भूमि अर्जित की जा चुकी है।
परियोजना के लिए 216 एमएलडी जल उपलब्ध कराने को लेकर मध्य प्रदेश के साथ भी समन्वय किया जा रहा है। 23 सितंबर को हुई बैठक में मध्य प्रदेश सरकार की सहमति से अवगत कराया गया। समवर्धन मदरसन, बीईएमएल, रैप्हे एमफिब्र, फेयर एक्सपोर्ट्स, प्रभातम ग्रुप, कॉनकॉर, सिद्धार्थ लॉजिस्टिक्स और सिफी टेक्नोलॉजीज समेत कई कंपनियों ने बीडा में निवेश में रुचि दिखाई है। कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स परियोजनाओं के साथ औद्योगिक कॉरिडोर को भी विकसित किया जा रहा है।

Check Also

बसपा ने जलालपुर सीट पर खोला पत्ता, दयाराम राजभर को बनाया प्रत्याशी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार अंबेडकरनगर। बहुजन समाज पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES