वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
लखनऊ 14 सितम्बर। जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान रेलटेल द्वारा एकीकृत दूरसंचार समाधान और कैरियर क्लास साइबर सुरक्षा समाधान की सेवाएं सफलतापूर्वक प्रदान की गई। 122 एकड़ के आईटीपीओ परिसर में वैश्विक मानक की निर्बाध दूरसंचार सेवाएं प्रदान करने के लिए 1675 इनडोर एंटेना. 35 किलोमीटर से अधिक आरएफ केबल और 25 किलोमीटर फाइबर केबल के साथ एक विशाल बुनियादी ढांचा तैयार किया गया। जी20 कार्यक्रमों के लिए विभिन्न हॉलो में इंटरनेट प्रदान करने के परिसर में वाई-फाई और लैन पोर्ट लगाए गए।
हाल ही में नई दिल्ली में जी20 शिखर सम्मलेन में रेलटेल को भारत मंडपम और प्रदर्शनी हॉल में एकीकृत दूरसंचार समाधान की सेवाएँ प्रदान करने का काम सौंपा गया था। अत्याधुनिक मोबाइल नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर और एक न्यूट्रल इन बिल्डिंग टेलिकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित करने के लिए रेलटेल और उसके साझेदारों द्वारा 3600 से अधिक मानव- दिवसों का निवेश किया गया, जिससे 122 एकड़ के विशाल आईटीपीओ परिसर में मोबाइल कवरेज में काफी वृद्धि हुई। इस दूरसंचार बुनियादी ढांचे में 1675 इंडोर एंटेना, 300 एक्सेस प्वाइंट, 35 किमी से अधिक आरएफ केबल और 25 किमी फाइबर केबल शामिल है।
कई बाधाओं के बावजूद रेलटेल ने समन्वय के साथ टेलिकॉम इंफ्रा को समय पर तैयार कर कार्य पूर्ण किया। इस परियोजन की सफलता, भविष्य में देश की डिजिटल परिवर्तन यात्रा के लिए और अधिक समर्पण के साथ और भी अधिक मेहनत करने और मजबूत डिजिटल भागीदार के रूप में उभरने के लिए प्रेरित करेगी।