वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर देश व प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में उन्होंने कहा कि गांधीजी के विचार और जीवन दर्शन आज भी प्रासंगिक हैं। उनके जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेकर उन्हें आत्मसात करने की जरूरत है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी का पूरा जीवन एक संदेश है। सत्य और अहिंसा को अपना हथियार बनाने वाले गांधीजी संपूर्ण मानवता के प्रेरणास्रोत हैं। उनकी हर बात और कार्य समाज को दिशा देने का काम करता है। उन्होंने कहा कि गांधीजी के आदर्श समृद्ध भारत के निर्माण में मार्गदर्शन करते रहेंगे।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गांधीजी साधारण व्यक्तित्व के असाधारण विचारों वाले महापुरुष थे। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र के कल्याण और प्रगति के लिए समर्पित रहने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांधीजी के आदर्शों का अनुसरण करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में योगदान देना चाहिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गांधीजी का सत्य, अहिंसा और सेवा का संदेश आज भी समाज के लिए उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रदेशवासियों से महात्मा गांधी के विचारों को अपने जीवन में उतारने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
इसके साथ ही केशव प्रसाद मौर्य ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और उनके सादगी, राष्ट्रसेवा तथा कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।