वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। नवयुग कन्या महाविद्यालय में नवप्रवेशित बीए की छात्राओं के स्वागत में सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रैंप वॉक और प्रतिभा प्रदर्शन ने समारोह में उत्साह और उमंग भर दी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मिस फ्रेशर प्रतियोगिता रही, जिसमें कीर्ति अवस्थी ने खिताब अपने नाम किया। मुस्कान मिश्रा प्रथम रनरअप और अनन्या साहू द्वितीय रनरअप रहीं। भूमि सागर को मिस ऑलराउंडर और सानिया इदरीसी को मिस ब्यूटीफुल स्माइल चुना गया।
मिस फ्रेशर प्रतियोगिता तीन चरणों में हुई। पहले चरण में 45 छात्राओं ने आत्म-परिचय और रैंप वॉक के जरिए प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिनमें से 12 का चयन दूसरे चरण के लिए हुआ। दूसरे चरण में प्रतिभा प्रदर्शन के बाद छह छात्राएं अंतिम चरण में पहुंचीं। निर्णायक मंडल ने उनसे विभिन्न प्रश्न पूछकर आत्मविश्वास, त्वरित निर्णय क्षमता और व्यक्तित्व का आकलन किया। निर्णायक मंडल में अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता कोतवाल और शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रो. सीमा पांडे शामिल रहीं। विजेता छात्राओं को ताज पहनाकर सम्मानित किया गया।
सिमरन, अर्शी, रैना और मंजू के नृत्य ने खूब तालियां बटोरीं। मुस्कान मिश्रा और निकिता ने प्रभावी एंकरिंग से कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा। प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं में आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का अवसर देते हैं। समारोह में सांस्कृतिक समिति की प्रभारी प्रो. सीमा सरकार समेत महाविद्यालय की प्रवक्ताएं और छात्राएं उपस्थित रहीं।