Breaking News

भारी बारिश और आकस्मिक बाढ़ को लेकर योगी सरकार अलर्ट, प्रभावित परिवारों को 24 घंटे में मिलेगी मदद : मुख्यमंत्री

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार बदलते मौसम, भारी बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए योगी सरकार ने 27 सितंबर तक विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रेड अलर्ट और आकस्मिक बाढ़ की आशंका वाले जिलों में विशेष सावधानी बरतने तथा जरूरत के अनुसार स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय रहकर स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि आकाशीय बिजली और अतिवृष्टि से होने वाली क्षति का तत्काल आकलन कराया जाए। प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में प्रशासन को मौसम संबंधी प्रत्येक चेतावनी पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने आमजन से अपील की है कि आकाशीय बिजली और अत्यधिक बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। नदियों, तालाबों और जलाशयों में जाने या स्नान करने से बचें। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा के लिए स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार प्रभावी कदम उठाए जाएं और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए।
जीर्ण-शीर्ण मकानों और झोपड़ियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे परिवारों को तत्काल निकटतम राहत शिविर या सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने को कहा गया है, ताकि भारी बारिश और आकस्मिक बाढ़ के दौरान किसी तरह की जनहानि न हो।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से राहत एवं बचाव व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय रखने को कहा है। प्रशासन को स्थानीय स्तर पर मौसम की स्थिति की लगातार निगरानी करने और किसी भी आपात स्थिति में बिना देरी राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि संकट की स्थिति में प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होगी।

Check Also

अखिलेश का PDA रथ पूरी तरह पंक्चर हो चुका है: केशव मौर्य

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES