वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में शनिवार को बीएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष के 2026 बैच के विद्यार्थियों के लिए दीप प्रज्वलन एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। अकादमिक ब्लॉक की दसवीं मंजिल स्थित ऑडिटोरियम में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों को करुणा, ईमानदारी, जिम्मेदारी और मानव सेवा के मूल्यों के साथ नर्सिंग पेशे में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
समारोह में संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. सीएम सिंह मुख्य अतिथि और अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय के डीन ऑफ नर्सिंग प्रो. डॉ. अशोक बिश्नोई विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में डीन प्रो. डॉ. राजन भटनागर, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. विक्रम सिंह, कार्यकारी कुलसचिव प्रो. डॉ. सुब्रत चंद्रा, कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य प्रो. डॉ. शिव कुमार मुडगल और उप-प्राचार्य प्रो. निपिन कलाल सहित संकाय सदस्य, कर्मचारी और विद्यार्थियों के अभिभावक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और सरस्वती वंदना से हुई। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। प्राचार्य प्रो. डॉ. शिव कुमार मुडगल ने विद्यार्थियों को व्यावसायिक नैतिकता, मानवीय गरिमा और संवेदनशील रोगी देखभाल को नर्सिंग सेवा का आधार बनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विभिन्न बैचों और सेमेस्टरों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। संस्थान के वर्ष 2021 के प्रथम बैच के दो विद्यार्थियों के इस वर्ष नर्सिंग ऑफिसर रिक्रूटमेंट कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (नॉरसेट) में सफल होकर चयनित होने की उपलब्धि भी साझा की गई। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आयोजित मॉक टेस्ट श्रृंखला का भी उल्लेख किया गया।
मुख्य अतिथि और अन्य वक्ताओं ने नर्सिंग शिक्षा, कौशल विकास और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता के महत्व पर विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती लीना पी. जॉन और श्रीमती वर्षा द्विवेदी ने किया। उप-प्राचार्य प्रो. निपिन कलाल के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ समारोह संपन्न हुआ।