Breaking News

गो-तस्करी का 50 हजार का इनामी आरोपी गाजियाबाद से गिरफ्तार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ/ बरेली। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की बरेली फील्ड यूनिट ने गो-तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी भउवा उर्फ बबुआ उर्फ नुसरत को 16 अक्टूबर को गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित अभयखंड पुलिस चौकी के पास से पकड़ा गया। वह प्रयागराज कमिश्नरेट के कोरांव थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित था।
एसटीएफ के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी शाहजहांपुर जिले के कांठ थाना क्षेत्र के रावतपुर का निवासी है। उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। मामले में फरार रहने के कारण उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, ९ अक्टूबर 2025 को प्रयागराज के कोरांव थाने में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान एक ट्रक (यूपी 22 टी 3738) पकड़ा गया था। इस मामले में आरोपी की तलाश की जा रही थी। पूछताछ में आरोपी ने ट्रक चालक होने की बात स्वीकार की है।
एसटीएफ की जांच में सामने आया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसकी तलाश में जुटी बरेली फील्ड यूनिट को सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने गाजियाबाद में कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को प्रयागराज के कोरांव थाने में दाखिल कर दिया गया है। अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस की ओर से की जा रही है। एसटीएफ की इस कार्रवाई को गो-तस्करी से जुड़े मामले में लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी की गिरफ्तारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Check Also

ओमान में ड्रोन हमले के बाद छठे दिन भी लापता अमित का सुराग नहीं, परिवार की बढ़ी बेचैनी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार कुशीनगर। ओमान के सोहर पोर्ट पर दुबई के टैंकर पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *