वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम में शनिवार को दर्शन-पूजन के बाद परिवार से बिछड़ी ओडिशा की आठ वर्षीय बालिका को सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से सकुशल परिजनों से मिला दिया गया। बेटी के मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और मंदिर प्रशासन व सुरक्षा कर्मियों का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, ओडिशा निवासी लोकनाथ भुई अपनी पत्नी और आठ वर्षीय बेटी राखी भुई के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के लिए धाम पहुंचे थे। दर्शन के बाद राखी अपने परिवार से बिछड़ गई। इसकी जानकारी मिलते ही धाम में तैनात एसआईएस के सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल बच्ची की मदद शुरू कर दी। सुरक्षा कर्मियों ने बालिका से बातचीत कर उसके परिजनों के बारे में जानकारी जुटाई। बच्ची ने अपने पिता का मोबाइल नंबर बताया, जिसके आधार पर सुरक्षा कर्मियों ने उनसे संपर्क स्थापित किया। आवश्यक समन्वय के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिवार से मिलन के बाद मंदिर प्रशासन की ओर से दंपती और उनकी बेटी को दोबारा बाबा श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन कराया गया। दर्शन-पूजन के बाद परिवार सकुशल धाम से रवाना हुआ। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों ने सुरक्षा कर्मियों की तत्परता, सहयोग और संवेदनशीलता की सराहना की।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जाती है। धाम में तैनात सुरक्षा कर्मी श्रद्धालुओं की सहायता के लिए सतर्क रहते हैं, ताकि दर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल मदद उपलब्ध कराई जा सके। इस घटना में सुरक्षा कर्मियों की सक्रियता से बिछड़ी बच्ची को कम समय में परिवार से मिलाने में मदद मिली।