वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंत्योदय के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। गुरुवार को अपने सरकारी आवास पर मुख्यमंत्री ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों की ओर से नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने भारत की परिस्थितियों और आवश्यकताओं के अनुरूप एक नया दर्शन दिया। उनका एकात्म मानववाद समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। उनका दर्शन और विचार आज भी पूरे देश के लिए आदर्श हैं।
सीएम योगी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण की योजनाओं को अंत्योदय की अवधारणा के अनुरूप धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जरूरतमंद परिवारों तक आवास, शौचालय, रसोई गैस, बिजली और खाद्यान्न जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का काम किया है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, चार करोड़ परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि 12 करोड़ परिवारों के घरों में शौचालय बनाए गए। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 10 करोड़ परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन और 3.50 करोड़ परिवारों को निशुल्क विद्युत कनेक्शन दिए जाने का उल्लेख भी उन्होंने किया। देश में 80 करोड़ नागरिकों को निशुल्क राशन उपलब्ध कराने की बात मुख्यमंत्री ने कही। उन्होंने कहा कि अंत्योदय की अवधारणा को योजनाओं के माध्यम से प्रभावी रूप से लागू करने का उद्देश्य समाज के वंचित वर्ग को आत्मनिर्भर बनाना है। मुख्यमंत्री ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जनकल्याण और सामाजिक उत्थान की दिशा में प्रेरणास्रोत बताया।