वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/अजय कुमार
झांसी। મऊरानीपुर के गांधीगंज सर्राफा बाजार में अघोरी के भेष में आए ठग ने महज छह मिनट में सर्राफा कारोबारी को भरोसे में लेकर 10 ग्राम सोना और 17 हजार रुपये ठग लिए। परिवार से जुड़ी पुरानी बातें बताकर उसने कारोबारी को विश्वास में लिया और भभूत लगाकर चकमा दे दिया।
घटना 24 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे एमजे ज्वैलर्स में हुई। दुकान मालिक संतोष रायकवार दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान अघोरी के वेश में एक व्यक्ति पहुंचा और मंत्र पढ़ते हुए कुछ हाथ में देने को कहा। संतोष ने गल्ले से एक पुड़िया निकालकर दी, जिसमें 10 ग्राम सोना था। ठग ने मंत्र पढ़कर पुड़िया वापस कर दी और आशीर्वाद देने लगा।
इसके बाद उसने संतोष के परिवार से जुड़ी पुरानी बातें बतानी शुरू कर दीं। इससे कारोबारी उसके झांसे में आ गए। ठग ने दुकान में धन रखने की जगह के बारे में पूछते हुए नकदी दिखाने को कहा। संतोष ने पहले 10 रुपये दिए, लेकिन उसने 500 रुपये की गड्डी दिखाने और उसे हाथ में लेने को कहा।
ठग ने गड्डी पर फूंक मारने का नाटक किया और उसमें से 17 हजार रुपये निकालकर अपनी झोली में रख लिए। बाकी रकम संतोष को वापस कर दी। इसके बाद उसने झोली से कुछ रुपये निकालकर उन्हें चबाने की एक्टिंग की और जयकारा लगाते हुए दुकान से निकल गया।
करीब 10 मिनट बाद संतोष को घटना का पता चला। गल्ला देखने पर 17 हजार रुपये और 10 ग्राम सोना गायब मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने काले जादू या सम्मोहन की बात से इनकार किया है। पुलिस के अनुसार, ठग ने बातचीत में उलझाकर और चकमा देकर वारदात को अंजाम दिया।