Breaking News

सस्ते सोने का झांसा देकर व्यापारी आकाश सेठ से तीन लाख की लूट, तीन गिरफ्तार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र में डिस्काउंट रेट पर सस्ता सोना दिलाने का झांसा देकर व्यापारी से तीन लाख रुपये और कार लूटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से लूट की रकम और पीड़ित की कार बरामद कर ली गई है। वहीं, मामले में शुरुआती स्तर पर कार्रवाई में लापरवाही बरतने पर एक उपनिरीक्षक, तीन मुख्य आरक्षी/आरक्षी और एक कंप्यूटर ऑपरेटर समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र कार्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 26 अगस्त की शाम करीब 7:35 बजे जौनपुर के शक्करमंडी निवासी आकाश सेठ ने डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र के सीओजी नंबर पर सूचना दी। व्यापारी ने बताया कि उसे एक अज्ञात मोबाइल नंबर से डिस्काउंट रेट पर सस्ता सोना उपलब्ध कराने का लालच दिया गया था। झांसे में आकर वह अपने मित्र सौरभ प्रताप के साथ तीन लाख रुपये नकद लेकर जलालपुर थाना क्षेत्र के इजरी गांव पहुंचा। आरोप है कि वहां अजय सिंह उर्फ पिंटू, शुभम सिंह, इंद्रजीत सरोज और विशाल सिंह ने दोनों के साथ मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए तीन लाख रुपये नकद और उनकी कार लूट ली। सूचना मिलने के बाद डीआईजी के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई। शिकायत सही पाए जाने पर जलालपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 383/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इजरी निवासी अजय सिंह उर्फ पिंटू, शुभम सिंह और केराकत थाना क्षेत्र के निहालपुर निवासी इंद्रजीत सरोज को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से कार संख्या यूपी65सीएफ1241 और तीन लाख रुपये बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपितों की पूर्व आपराधिक गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में सामने आया कि शुरुआती स्तर पर तहरीर मिलने के बावजूद मुकदमा दर्ज करने और समय से कार्रवाई करने में शिथिलता बरती गई। इसे गंभीरता से लेते हुए पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। डीआईजी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पुलिसकर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।

Check Also

पब्लिक ईवी चार्जिंग में यूपी देश में तीसरे पायदान पर, 17.67 लाख वाहन पंजीकृत : रविंदर सिंह, निदेशक

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES